Report by : CWN Desk
Published at :
पूर्व कुलपति प्रोफेसर बीना साह से 1.47 करोड़ की ठगी, आरोपी हिमाचल से गिरफ्तार

रुद्रपुर। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रोफेसर बीना साह से 1.47 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को एसटीएफ ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के बद्दी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राजेन्द्र कुमार पुत्र सोमनाथ निवासी ग्राम लक्खीबंस थाना रादौर, जिला यमुनानगर, हरियाणा हाल निवासी बद्दी, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
प्रो. बीना साह, जो मल्लीताल निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त को उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को महाराष्ट्र साइबर क्राइम विंग का अधिकारी बताया और आरोप लगाया कि उनके नाम से खुले बैंक खाते में 60 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में कार्रवाई की धमकी देते हुए आरोपी ने उन्हें 12 दिन तक व्हाट्सएप कॉल पर ही ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा। इस दौरान खातों के वेरिफिकेशन के बहाने उनसे अलग-अलग खातों में 1.47 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए गए। इनमें से 50 लाख रुपये कॉसमॉस इंटरप्राइजेज नामक फर्जी फर्म के खाते में डाले गए थे।
शिकायत दर्ज होने के बाद एसटीएफ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर साइबर क्राइम थाना पंतनगर की टीम ने जांच शुरू की। जांच में आरोपी राजेन्द्र कुमार का नाम सामने आया। रविवार को टीम ने बद्दी से उसे दबोच लिया। उसके पास से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, दो चेकबुक, 10 ब्लैंक हस्ताक्षरित चेक, तीन डेबिट कार्ड, वाई-फाई राउटर और फर्जी कंपनियों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना पंतनगर प्रभारी अरुण कुमार, सत्येन्द्र गंगोला, सोनू पांडे और मनोज कुमार शामिल रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›