Report by : CWN Desk
Published at :
27 सितंबर की रात से कार्यबहिष्कार करेंगे रोडवेज कर्मचारी, यात्रियों को झेलनी पड़ेगी परेशानी

लंबित मांगों के समर्थन में परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने एमडी को दिया नोटिस

देहरादून। प्रबंधन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए रोडवेज कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया। परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने सोमवार को एमडी डॉ.आनंद श्रीवास्तव को नोटिस देते हुए 27 सितंबर की मध्य रात्रि से कार्यबहिष्कार करने की चेतावनी दे दी है।

मोर्चा का आरोप है कि दो-दो बार वादा करने के बावजूद प्रबंधन ने एक भी मांग पर कार्रवाई नहीं की। अब यदि 26 सितंबर तक कार्यवाही नहीं होती तो आरपार की लड़ाई छेड़ी जाएगी। मोर्चा संयोजक अशोक चौधरी, दिनेश पंत, रविनंदन कुमार, रामकिशुन राम ने संयुक्त रूप से बताया कि पहले 25 अप्रैल, उसके बाद 24 जुलाई को प्रबंधन संग वार्ताओं में कार्रवाई का आश्वासन मिला। इस आश्वासन पर विश्वास करते हुए कर्मचारियों ने आंदोलन करने के फैसला टाल दिया था। वहीं रोडवेज के एमडी डॉ. आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि कार्मिकों के साथ दो दौर की वार्ता में जिन बिंदुओं पर सहमति बनी हैं, उन सभी पर कार्रवाई की जा रही है। कुछ विषय तकनीकी हैं, सभी पहुलओं का अध्ययन करने के बाद ही निर्णय किया जा सकता है। इसलिए विलंब हो रहा है।

कर्मचारियों की इन मांगों पर कार्रवाई लंबित
● मृतक आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर परमानेंट नौकरी
● कार्मिक के रिटायरमेंट या मृत्यु होने पर ग्रेच्युटी में दो लाख रुपये
● डग्गामार वाहनों पर अंकुश के लिए रोडवेज-पुलिस की संयुक्त टीम
● रोडवेज के तकनीकी कैडर के कार्मिकों को भी एसीपी की लाभ
● सातवें वेतनमान के अनुसार किराए भत्ते और महंगाई भत्ते का भुगतान
● 600 नई बसें खरीदी जाएं, तब तक अनुबंध पर बसें न लगें
● बिना पक्ष जाने संविदा कार्मियों की सेवा समाप्ति पर सख्ती से रोक
● सभी संवर्ग के रिक्त पदों पर प्रमोशन की कार्रवाई जल्द शुरू हो
● संविदा, विशेष श्रेणी चालक और बाह्यस्रोत के लिए सेवानियमावली
● जनवरी 2017 से सितम्बर 2017 तक के सातवें वेतनमान का एरियर
● मानदेय का भुगतान न करने वाली आउटसोर्स एजेंसी ब्लैक लिस्ट हो

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›