Report by : कालू वर्मा
Published at :
32 सीटर बस में 124 यात्री सवार, यात्रियों को ठूंस-ठूंसकर ले जा रही बस सीज

हरिद्वार। पीलीभीत से 124 सवारियों को लेकर देहरादून जा रही बस को श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस ने रोक लिया। बस 32 सीट और पंद्रह स्लीपर में पास है। बस में दोगुने से भी कई ज्यादा 124 यात्रियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने बस को सीज कर दिया। यात्रियों के लिए दूसरी बसों की व्यवस्था कर देहरादून भेजा गया।
सड़क दुर्घटना का एक कारण ओवरलोड वाहन भी रहते हैं। पद संभालने के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कोतवाली, थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस व सीपीयू को चेकिंग कर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। श्यामपुर थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने चंडी चौकी प्रभारी अंशुल अग्रवाल के साथ वाहनों की चेकिंग करते हुए पीलीभीत से देहरादून जा रही एक बस को रोक लिया। बस से सवारियों को नीचे उतारकर गिनती की गई तो पुलिस भी हैरान रह गई। बस में 124 सवारियों को ठूंसकर भरा हुआ था। पुलिस ने चालक को जमकर फटकार लगाई और बस को सीज कर दिया। इसके बाद यात्रियों को दूसरी बसों से देहरादून भेजा गया। सीओ सिटी जूही मनराल ने बताया कि इससे पहले भी चंडीघाट पर देहरादून से लखीमपुर खीरी जा रही एक बस को 185 सवारियां बैठाने पर सीज किया गया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›