उत्तर प्रदेश
कैंची धाम जा रहे 4 दोस्तों की मौत, 3 गंभीर घायल, यहां हुआ भीषण सड़क हादसा
यूपी के बाराबंकी में तेज रफ्तार इनोवा खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कैंची धाम जा रहे बचपन के 4 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हैं।
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां मंगलवार तड़के करीब 3:00 बजे एक तेज रफ्तार इनोवा कार हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
यह दुखद दुर्घटना लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि इनोवा कार में सवार सभी लोग आपस में बचपन के दोस्त थे। वे सभी वाराणसी से उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। सफर के दौरान कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अत्यधिक गति होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे आगे खड़े ट्रक में समा गई।
इस हादसे में गाजीपुर के राहुल सिंह, मुगलसराय के राहुल कुमार, बलिया के सत्यम और ट्रक के खलासी सूरज यादव की जान चली गई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। हादसे में मिर्जापुर के चंदन सिंह, पंकज सिंह और बलिया के प्रशांत गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया है। पुलिस प्रशासन ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से चालू करवा दिया है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
