Report by : CWN Desk
Published at :
पांच करोड़ का बिल बकाया, इस शहर की स्ट्रीट लाइटों के काटे कनेक्शन, अंधेरे में डूबा शहर

ऊर्जा निगम का नगर निगम ने जमा नहीं किया बकाया, इन क्षेत्रों में काटे गए कनेक्शन
ऋषिकेश। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत अनेक स्थानों पर लगी स्ट्रीट लाइटों का करोड़ों रुपये का बिल बकाया होने के कारण उत्तराखंड पावर कार्पोरेशन लि. (यूपीसीएल) ने कई क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट दिए हैं, जिसके बाद नगर निगम क्षेत्र की हजारों की आबादी शाम ढलते ही अंधकार में रहने को मजबूर है।
अब यूपीसीएल की इस कार्रवाई को नगर निगम प्रशासन ने आमजन के खिलाफ बताते हुए स्ट्रीट लाइट को शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया।
यूपीसीएल का कहना है कि नगर निगम को स्ट्रीट लाइटों का कुल करीब पांच करोड़ का बिल बकाया है। बकाये बिल के भुगतान को लेकर कई बार नगर निगम को पत्र भेजा गया, लेकिन बिल का भुगतान नहीं किया गया है। अब वित्तीय वर्ष के समापन पर मजबूरन कार्रवाई को बाध्य होना पड़ रहा है। इसे लेकर यूपीसीएल ने अब कई क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की है।
शाम ढलते ही यहां सार्वजनिक मार्गों में अंधकार पसरा नजर आ रहा है। यूपीसीएल की इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए नगर निगम की ओर से यूपीसीएल को आमजन हित में स्ट्रीट लाइटों को तत्काल शुरू करने का आग्रह किया है। वहीं, नगर निगम व यूपीसीएल के बीच बकाये बिल भुगतान के विवाद में राहगीरों को मुसीबत उठानी पड़ सकती है।
गंगा नगर, सोमेश्वर नगर, गोविंद नगर, शांति नगर, आवास-विकास, हरिद्वार रोड, तिलक मार्ग व कई अन्य क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काटे गए हैं। ये नगर के मुख्य क्षेत्रों में माने जाते हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›