Report by : CWN Desk
Published at :
प्रांतीय रक्षक दल के 9400 स्वयं सेवकों को बड़ी सौगात, अब 650 रुपये रोज मानदेय मिलेगा

देहरादून। सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल के 9400 स्वयं सेवकों को बड़ी सौगात दी है। उनका 80 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय बढ़ाया गया है। उन्हें अब 570 रुपये के स्थान पर हर दिन 650 रुपये मानदेय मिलेगा। विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। मंत्री रेखा आर्या ने कहा, पीआरडी जवानों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
प्रदेश में पीआरडी जवान युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के माध्यम से विभिन्न विभागों में तैनात हैं। जवानों के आश्रितों को मृतक कोटे से नौकरी की सौगात के बाद अब सरकार ने जवानों का मानदेय बढ़ा दिया है।
पीआरडी जवान पिछले काफी समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए राज्य सरकार कई अहम निर्णय ले रही है। राज्य में पहली बार पीआरडी के लिए मृतक कोटे से नौकरी की व्यवस्था की गई। दिव्यांग आश्रितों को भी इसका लाभ दिया जा रहा है। खास बात यह है कि पिछले पांच साल से नौकरी के दौरान मृत्यु और दिव्यांग हुए जवानों के आश्रितों को भी इसका लाभ दिया जा रहा है। मंत्री ने इसके लिए मुख्यमंत्री धामी का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›