Report by : CWN Desk
Published at :
यहां के डीएम ने अभिभवकों को दी बड़ी राहत, निजी स्कूलों के कॉपी-किताबों के सेट के कम करवाए रेट

कक्षा 1 से 5वीं तक 3 हजार से 4 हजार रुपये सस्ती हुई किताबें
आगरा में स्कूलों की मनमानी पर शनिवार को अभिभावकों को पहली जीत मिली। जिलाधिकारी के सख्त तेवर के बाद बिचपुरी रोड स्थित श्री चैतन्य टेक्नो विद्यालय ने कक्षा से 1 से 5 तक की किताबों के सेट पर 3471 से 3696 रुपये तक घटा दिए हैं। बाकी कॉन्वेंट स्कूलों के पास 16 तक मौका है।
नया सत्र शुरू होते ही किताब, कॉपी, ड्रेस से लेकर फीस तक में मनमानी बढ़ोतरी की गई। विरोध में अभिभावक सड़क पर उतरे। जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी ने शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन को मनमानी बढ़ोतरी पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
शनिवार से इसका असर शुरू हो गया। बिचपुरी स्थित श्री चैतन्य टेक्नो विद्यालय में किताबों की कीमत घटा दी गई है। जो किताबें पहले 10800 रुपये का सेट में थीं वह अब 7304 रुपये में मिलेंगी। जो छात्र-छात्राएं महंगी किताब का सेट खरीद चुके हैं। घटी हुई कीमत उन छात्र-छात्राओं की फीस में समायोजित की जाएगी। इस राहत के बाद शहर में 15 हजार से अधिक अभिभावकों को आईसीएसई, सीबीएसई स्कूल में महंगी किताबों के सेट व फीस में राहत की उम्मीद जागी है। इस संबंध में विद्यालय की तरफ से अभिभावकों को संदेश भेजे जा रहे हैं।
बीएसए जितेंद्र गोंड ने बताया कि स्कूलों की सुनवाई के लिए 12 अप्रैल तारीख तय की गई थी। एक भी स्कूल के प्रधानाचार्य अपना पक्ष रखने नहीं आए। इस अनुशासनहीनता से जिलाधिकारी नाराज हैं। स्कूलों को नोटिस भेजकर 16 अप्रैल तक आखिरी मौका दिया गया है। 16 अप्रैल तक स्कूलों ने बीएसए कार्यालय में कीमतों के संबंध में रिपोर्ट नहीं भेजी तो उनकी मान्यता खतरे में पड़ सकती है।
घटाई गई किताबों के सेट की कीमत
कक्षा     पहले मूल्य         अब मूल्य
1            9500             5885
2            9500             5835
3            10600           7229
4            10600           6904
5            10800           7304

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›