Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

रुद्रप्रयाग में भालू का आतंक: दो महिलाओं पर हमला, हेली सेवा से पहुंचाया अस्पताल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रप्रयाग। जिले के भुनालगांव क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक भालू ने अचानक दो महिलाओं पर हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को किसी तरह बचाकर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, भुनालगांव निवासी बुरांसी देवी पत्नी स्व. मदन सिंह और शशि देवी पत्नी कुंवर सिंह सुबह खेतों की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने महिलाओं के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे भारी मात्रा में रक्तस्राव हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही PHC बक्सीर की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देख तत्काल हेली सेवा की व्यवस्था की गई। दोनों महिलाओं को हेलीकॉप्टर से अगस्तमुनि लाया गया और वहां से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार दिया गया और हेली सेवा से जिला अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका उपचार कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि भालू पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूमता दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से वन विभाग की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement