Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: बरेली रोड पर नहर में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के बरेली रोड पर हरियाल मोटर्स के पास नहर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।

हल्द्वानी। हल्द्वानी के बरेली रोड क्षेत्र में मंगलवार शाम को उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। वहीं, इलाके के लोग युवक की हत्या करके शव को नहर में फेंकने की आशंका भी जता रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम पुलिस को डायल 112 के माध्यम से एक सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि बरेली रोड पर हरियाल मोटर्स के पास नहर में एक युवक का शव उतरा रहा है। इस खबर पर वनभूलपुरा पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला।
नहर से शव निकाले जाने के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक युवक अग्निशमन विभाग (फायर स्टेशन) दफ्तर के सामने लगने वाले एक ठेले पर काम करता था। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी स्तर से युवक की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक के बारे में अन्य ठेलों और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि मृतक युवक की पहचान करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी अंदेशा जताया कि शायद नहर किनारे बैठने के दौरान पैर फिसलने या अनियंत्रित होकर गिरने से यह हादसा हुआ होगा। बहरहाल, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

Select Language

Advertisement