हल्द्वानी
हल्द्वानी: प्रेमिका हुई गर्भवती तो शादी से मुकरा प्रेमी, कोतवाली पहुंचते ही गया जेल
हल्द्वानी में गर्भवती प्रेमिका से शादी से मुकरने वाला प्रेमी कोतवाली पहुंचते ही सलाखों के पीछे पहुंचा। युवती की जिद के बाद मचा हड़कंप।
हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र में प्रेम संबंध का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने वाला युवक प्रेमिका के गर्भवती होने पर शादी से मुकर गया। इसके बाद पीड़ित युवती पुलिस के पास पहुंच गई।
मूल रूप से अल्मोड़ा का रहने वाला युवक परिजनों के साथ हल्द्वानी में रहता है। क्षेत्र की ही 20 वर्षीय युवती के साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। युवती का आरोप है कि प्रेमी ने उसे शादी का भरोसा दिया था। इसी बीच युवती दो माह की गर्भवती हो गई।
गर्भवती होने की खबर मिलते ही प्रेमी युवती से पीछा छुड़ाने लगा और शादी से साफ इंकार कर दिया। कोई रास्ता न देख पीड़िता लिखित शिकायत लेकर कोतवाली पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लेकर सलाखों के पीछे भेज दिया।
युवक के गिरफ्तार होते ही उसके परिजन कोतवाली पहुंचे और जमकर हंगामा हुआ। प्रेमी सलाखों के पीछे पहुंचते ही शादी के लिए तैयार हो गया, लेकिन उसके परिजन राजी नहीं हुए। कोतवाल विजय मेहता के मुताबिक, युवती तहरीर देती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
