अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
बागेश्वर में किन्नरों के लिए बधाई राशि तय: शादी में 5100 और जन्म पर 2100 रुपये नेग निर्धारित
बागेश्वर नगर पालिका बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए किन्नरों की बधाई राशि तय कर दी है। शादी में 5100 और बच्चे के जन्म पर 2100 रुपये नेग मिलेगा। ज्यादा मांगने पर 10 हजार जुर्माना।
बागेश्वर। जिले में नगर पालिका बोर्ड ने आम जनता को राहत देते हुए एक ऐतिहासिक और अनूठा फैसला लिया है। नगर पालिका ने पहली बार जिले में किन्नरों के लिए बधाई (नेग) की राशि आधिकारिक रूप से निर्धारित कर दी है। पालिका बोर्ड के निर्णय के अनुसार अब बड़े शुभ कार्यों के लिए 5,100 रुपये और छोटे शुभ आयोजनों के लिए 2,100 रुपये की नेग राशि तय की गई है।
नगर पालिका सभागार में मंगलवार को पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल की अध्यक्षता में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सभासदों और स्थानीय नागरिकों द्वारा किन्नरों द्वारा मनमानी नेग मांगने तथा विवाद करने की लगातार मिल रही शिकायतों पर विस्तार से चर्चा हुई। आम जनता को हो रही मानसिक और आर्थिक परेशानी के स्थायी समाधान के लिए बोर्ड ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह व्यवस्था लागू की है।
नए नियमों के अनुसार, परिवार में विवाह जैसे बड़े शुभ अवसरों पर किन्नरों को अधिकतम 5,100 रुपये की बधाई राशि दी जाएगी। वहीं बच्चे के जन्म जैसे आयोजनों पर यह राशि 2,100 रुपये निर्धारित की गई है। पालिका बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तय सीमा से अधिक की मांग करने या जबरन वसूली का प्रयास करने पर संबंधित के खिलाफ 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने बताया कि इस फैसले का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को होने वाली परेशानी से बचाना और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे तय की गई राशि ही दें। यदि कोई निर्धारित दर से अधिक मांग करता है या अभद्रता करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत नगर पालिका प्रशासन से करें ताकि त्वरित दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।
