Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में गौला नदी में कूदे बुजुर्ग का मिला शव, बेटी की शादी से पहले मातम

Published

on

खबर शेयर करें 👉

काठगोदाम गौला पुल से नदी में कूदे बिंदुखत्ता के बुजुर्ग राम सिंह का शव 7 किमी दूर मिला। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच घर में छाया मातम।

हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित गौला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले बिंदुखत्ता निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग राम सिंह का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना के करीब 24 घंटे बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग सात किलोमीटर दूर गोविंद गांव के पास पत्थरों के बीच फंसा मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है, जब बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी राम सिंह घर से निकलकर सीधे काठगोदाम गौला पुल पहुंचे थे। वह मूसलाधार बारिश के बीच काफी देर तक पुल पर भीगते रहे। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक पर्यटक ने उनसे भीगने का कारण पूछा तो वह सिर्फ मुस्कुरा दिए और देखते ही देखते नदी में छलांग लगा दी। पर्यटक द्वारा बनाया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ, गोताखोर और स्थानीय पुलिस की टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। बुधवार दोपहर गोविंद गांव के पास ग्रामीणों की मदद से शव को नदी किनारे से बाहर निकाला गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के कारण बुजुर्ग ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
टैक्सी चालक राम सिंह के इस आत्मघाती कदम से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें से मझला बेटा सेना में अग्निवीर है और बेटी दिल्ली में नौकरी करती है। आगामी नवंबर महीने में बेटी की शादी तय थी और घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। लेकिन इस दुखद घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
एसएचओ जसवीर सिंह चौहान के अनुसार, पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं गांव के लोगों का कहना है कि राम सिंह बेहद मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के व्यक्ति थे। इस अचानक हुई दुखद घटना से पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement