हल्द्वानी
हल्द्वानी में अवैध संबंधों के शक में युवक की बिजली के तार से घोंटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी के वनभूलपुरा में अवैध संबंधों के शक में 29 वर्षीय अमन ठाकुर की बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी दामाद को हिरासत में लिया।
हल्द्वानी। वनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर वार्ड-14 में मंगलवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई है। अवैध संबंधों के संदेह में 29 वर्षीय युवक की बिजली के तार से गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमन ठाकुर (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़, उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। अमन पिछले तीन वर्षों से जवाहर नगर में नगर निगम की सफाईकर्मी महिला और उसके परिवार के साथ रह रहा था। महिला की दूसरे नंबर की बेटी का ससुराल पास में ही है। दामाद को लंबे समय से अपनी पत्नी और अमन के बीच अवैध संबंधों का शक था।
मंगलवार रात पड़ोस में आयोजित एक बच्चे के जन्मदिन समारोह में आरोपी ने अमन के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद जब रात में घर के सभी सदस्य सो गए, तो आरोपी दोबारा घर में दाखिल हुआ। उसने बरामदे में सो रहे अमन का बिजली के तार से गला घोंट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर जाकर सो गया और हत्या में इस्तेमाल तार को मौके पर ही छोड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। सीओ अमित सैनी ने बताया कि आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। महिला ने बताया कि वह अमन को अपना मुंहबोला बेटा मानती थी और घटना के समय वह किसी काम से बाहर गई हुई थी।
हल्द्वानी में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय निवासियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन ने मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल बना हुआ है।
