हल्द्वानी
हल्द्वानी ट्रांसपोर्ट नगर में अतिक्रमण और गंदगी पर भड़के व्यापारी, किया जोरदार प्रदर्शन
हल्द्वानी के ट्रांसपोर्ट नगर में अतिक्रमण, गंदगी और बिजली के खुले तारों से परेशान व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट से शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई।
हल्द्वानी। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ती गंदगी, अतिक्रमण और बिजली के खुले तारों से परेशान व्यापारियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। प्रशासनिक अनदेखी से नाराज ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने मंगलवार को एकजुट होकर बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
व्यापारियों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। मुख्य रास्तों पर अवैध अतिक्रमण और जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों के कारण कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने पूर्व में भी सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायत पत्र देकर समस्या के स्थायी समाधान की गुहार लगाई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर भी गहरा रोष व्यक्त किया। क्षेत्र में बिजली का एक बॉक्स लंबे समय से खुला पड़ा है, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे या करंट की दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कारोबारियों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग इस गंभीर खतरे को नजरअंदाज कर रहा है।

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई कराने और खुले बिजली के बॉक्स को ठीक करने का काम नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से मोहम्मद अहमद, भागीरथ भाई, बिट्टू, कमलदीप सिंह, बबलू सिद्दीकी, विपिन पाल, श्रवण पाल, राजा मलिक, मिंटू दशमेश, सौरभ और पदमपाल शामिल रहे।
