हल्द्वानी
हल्द्वानी में 3 नाबालिग बच्चियों से छेड़खानी: मनचले ने दी जान से मारने की धमकी, पुलिस में तहरीर
हल्द्वानी के रामपुर रोड वार्ड-19 में नशेड़ी युवक द्वारा 3 नाबालिग बच्चियों से छेड़खानी व जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस में दी गई तहरीर।
हल्द्वानी। रामपुर रोड क्षेत्र से नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 19 में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ लगातार छेड़खानी, अश्लील फब्तियां कसने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप एक स्थानीय युवक पर लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पिछले काफी समय से इन बच्चियों को परेशान कर रहा था। आरोपी नशे का आदी है और स्कूल आते-जाते समय बच्चियों का पीछा करता था। वह बच्चियों को पैसों का लालच देने के साथ-साथ उनसे निजी सवाल पूछता था और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था।
धमकी के डर से बच्चियां लंबे समय तक सहमी रहीं और उन्होंने घर पर कुछ नहीं बताया। हालांकि, 4 सितंबर और 17 सितम्बर को जब आरोपी ने दोबारा पीछा कर छेड़खानी की, तो बच्चियों ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों के अनुसार, इस घटना से बच्चियां इतनी डरी हुई हैं कि उनका घर से निकलना और स्कूल जाना भी बंद हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड नंबर 19 की पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा और समाजसेवी विशाल वर्मा ने पीड़ित परिवारों के साथ हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर सौंपी। समाजसेवियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
