Report by : CWN Desk
Published at :
Khanpur MLA Umesh Kumar

उत्तराखंड विधानसभा सत्र से पहले खानपुर विधायक उमेश कुमार ने इस्तीफे का ऐलान किया। किसानों के मुद्दे पर विपक्ष का साथ न मिलने से जताई नाराजगी।

हरिद्वार। उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र की शुरुआत से ठीक पहले राज्य की राजनीति में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देने का चौंकाने वाला ऐलान किया है। विधायक के इस अचानक उठाए गए कदम के बाद से ही प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।
उमेश कुमार ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे जनहित और किसानों के मुद्दों को उठाने में उनका साथ नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार क्षेत्र में भारी नुकसान के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। जब सदन में जनता और किसानों की आवाज उठाने में ही सहयोग नहीं मिल पा रहा है, तो विधायक पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं रह जाता है।
अपनी भावी राजनीतिक दिशा को लेकर स्थिति साफ करते हुए खानपुर विधायक ने कहा कि वह किसी भी प्रमुख दल में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह न तो भारतीय जनता पार्टी में जाएंगे और न ही कांग्रेस का दामन थामेंगे। उमेश कुमार ने कहा कि वह इन राजनीतिक दलों में शामिल होकर उन नेताओं के जिंदाबाद के नारे नहीं लगा सकते जो कल तक उनके दरवाजे पर आकर बैठा करते थे।
किसान हितों और जनमुद्दों की अनदेखी से नाराज निर्दलीय विधायक ने घोषणा की है कि वह बुधवार को विधिवत रूप से अपना त्यागपत्र सौंप देंगे। विधानसभा सत्र से ठीक पहले एक चर्चित विधायक का यह कड़ा फैसला सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के लिए चिंता का सबब बन गया है। इस घटनाक्रम के बाद हरिद्वार और पूरे प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनने के आसार नजर आ रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›