Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ में सड़क का करीब सौ मीटर हिस्सा धंसा

पुलिस-प्रशासन और बीआरओ ने भू-धंसाव वाले हिस्से में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया

चिन्यालीसौड। ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ में सड़क का करीब सौ मीटर हिस्सा धंस गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन और बीआरओ ने भू-धंसाव वाले हिस्से में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। वाहनों को बाईपास से गुजारा जा रहा है। वहीं, टिहरी बांध की झील के नजदीक रहने वाले लोग दहशत में हैं।
काफी समय से इस स्थान पर भूधंसाव हो रहा है। शनिवार रात को एकाएक राष्ट्रीय राजमार्ग का बड़ा हिस्सा धंस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि टिहरी बांध की झील का जलस्तर जैसे-जैसे बढ़ता जा रहा है। तटवर्तीय क्षेत्र में भूधंसाव का खतरा भी बढ़ रहा है। रविवार को टिहरी बांध की झील का जलस्तर लगभग 821 आरएल तक पहुंच गया। चिन्यालीसौड़ में वाल्मीकि मोहल्ला, लोक निर्माण विभाग व वन विभाग दफ्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जखवाड़ी मोहल्ला, जोगथ रोड, बिजल्वाण, रमोला मोहल्ला इलाके और आर्च ब्रिज-पीपलमंडी, हडियारी मोटर मार्ग भी भू-धंसाव के कारण खतरे की जद में आए गए हैं। बीआरओ के ओआईसी विनोद कुमार देवड़ी ने बताया कि आला अधिकारियों को सूचित कर दिया है। सुरक्षा की दृष्टिगत खतरे के संकेत लगा दिए हैं। जल्द ऊपर कटिंग कर आवाजाही सुचारू कराई जाएगी।वहीं, टीएचडीसी ने हाईवे पर झील जलाशय के कारण भू-धंसाव से इनकार किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›