Report by : CWN Desk
Published at :
गूलरभोज में बौर जलाशय में डूबा सेना का जवान, सर्च ऑपरेशन जारी

गूलरभोज। बौर जलाशय में रविवार शाम सेना के एक जवान के डूबने की दुखद घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, आर्मी सप्लाई कोर हल्द्वानी में तैनात 25 वर्षीय नायक हिमांशु मिश्रा अपने तीन साथियों हवलदार दीनदयाल, नायक लवप्रीत सिंह और संजय कुमार के साथ बौर जलाशय घूमने आए थे।
बताया जा रहा है कि शाम को चारों जवान जलाशय के माइल स्टोन 8.5 पर पहुंचे। इस दौरान हिमांशु जलाशय में नहाने उतर गए, लेकिन पानी के तेज बहाव में फंसने के कारण वह अचानक डूबने लगे। साथियों ने तत्काल पुलिस चौकी में इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी सेना मुख्यालय हल्द्वानी को दी। इसके बाद जल पुलिस प्रभारी प्रशांत कुमार व एसडीआरएफ प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे तक चले इस गहन सर्च अभियान के बावजूद हिमांशु मिश्रा का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
हिमांशु मिश्रा मूल रूप से बिहार के निवासी हैं, जो वर्तमान में बेंगलुरु में रहते हैं, जबकि उनकी पोस्टिंग हल्द्वानी में थी। घटना के बाद से परिजनों को सूचना दे दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा ताकि लापता जवान को तलाशा जा सके। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन की ओर से सभी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›