Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा ने तय किये दावेदार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

भाजपा प्रदेश चुनाव संचालन समिति ने 55 दावेदारों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे
देहरादून। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रत्याशी चयन के लिए भाजपा ने कसरत प्रारंभ कर दी है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश चुनाव संचालन समिति ने राज्य की सभी पांच लोकसभा सीटों पर टिकट के 55 दावेदारों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए हैं।
मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा प्रदेश चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि चुनाव संचालन समिति की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के साथ प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने लोकसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान सभी लोकसभा सीटों पर संभावित प्रत्याशियों को लेकर भेजी गई पार्टी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय, सामाजिक संतुलन और रणनीतिक दृष्टि से विचार-विमर्श कर केंद्र को भेजे जाने वाले नामों को फाइनल किया गया।
उन्होंने बताया कि लोकसभा सीटों के लिए न्यूनतम पांच और अधिकतम नौ नामों के पैनल को अंतिम रूप दिया गया। इस तरह राज्य की पांचों सीटों पर कुल 55 नामों को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड इन नामों पर विचार कर लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा कर देगा।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व राज्यसभा सदस्य अनिल बलुनी, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत, सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, अजय टम्टा व कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत व सतपाल महाराज, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार आदि उपस्थित रहे।

Select Language

Advertisement