Report by : CWN Desk
Published at :
भाजपा ने प्रत्याशी 22 से 27 मार्च के मध्य करेंगे नामांकन पत्र दाखिल

सभी प्रत्याशियों के नामांकन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य नेता उपस्थित रहेंगे
देहरादून। भाजपा ने प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथियां तय कर दी हैं। भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व की पार्टी प्रत्याशियों के साथ हुई बैठक में तिथियों को अंतिम रूप दिया गया। नामांकन 22 से 27 मार्च के मध्य होंगे। सभी प्रत्याशियों के नामांकन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य नेता उपस्थित रहेंगे। पौड़ी में गढ़वाल संसदीय सीट से प्रत्याशी अनिल बलूनी के नामांकन के समय केंद्रीय महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी के भी मौजूद रहने की संभावना है।
भाजपा की प्रांतीय चुनाव प्रबंधन टोली ने सोमवार देर रात को पहले तीन प्रत्याशियों और फिर सभी पांचों प्रत्याशियों के साथ अलग-अलग बैठकें की। इनमें प्रत्याशियों की राय व सुविधा के दृष्टिगत नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथियों को अंतिम रूप दिया गया। 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार 22 मार्च को अल्मोड़ा सीट से प्रत्याशी अजय टम्टा नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसी दिन हरिद्वार से प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत रुड़की से ऑनलाइन नामांकन पत्र भरेंगे और फिर 23 मार्च को वह ऑफलाइन भी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
गढ़वाल संसदीय सीट से प्रत्याशी अनिल बलूनी और टिहरी गढ़वाल से प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह 26 मार्च को नामांकन पत्र भरेंगे। नैनीताल-उधम सिंह नगर से उम्मीदवार अजय भट्ट का 27 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। 
बताया गया कि प्रत्याशियों की ओर से नामांकन पत्र जमा करने के लिए मुहूर्त के संबंध में शीघ्र ही प्रांतीय नेतृत्व को जानकारी दी जाएगी। यह इस प्रकार से होगा कि प्रत्याशियों के नामांकन के अवसर पर पहुंचने में मुख्यमंत्री अथवा अन्य नेताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी प्रत्याशियों से कहा गया है कि वे अपनी-अपनी संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाले 14-14 विधानसभा क्षेत्रों के प्रवास अथवा भ्रमण के कार्यक्रम सुनिश्चित कर लें। भ्रमण के दौरान जनता के साथ ही क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से भी निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए कहा गया है। यही नहीं, उन्हें अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के संवेदनशील मतदान केंद्रों को चिह्नित करने को भी कहा गया है

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›