Report by : CWN Desk
Published at :
कैंसर अस्पतालों में अब आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी

देहरादून। उत्तराखंड में अब सरकार की ओर से बड़ा फैसला लिया गया है। यहां कैंसर अस्पतालों में अब आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने देहरादून के हर्रावाला में पीपीपी मोड पर संचालित होने वाले कैंसर अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए 25 प्रतिशत बेड आरक्षित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि संचालन के पहले दिन से ही अस्पताल में सभी सुविधाओं की व्यवस्था हो। मंगलवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हर्रावाला में खुलने वाले कैंसर अस्पताल और हरिद्वार में 200 बेड वाले मातृ-शिशु स्वास्थ्य केंद्र की वित्त व्यय समिति की बैठक हुई।
मुख्य सचिव ने कहा अगले वर्ष हर्रावाला में खुलने वाले अस्पताल में कैंसर के उपचार में प्रयुक्त होने वाले सभी उपकरणों, उपचार सुविधाओं तथा मानव संसाधन की उपलब्धता को एक साथ सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य सचिव ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में बनने वाले हॉस्टल ब्लाक का निर्माण ग्रीन बिल्डिंग के रूप में करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में बताया गया कि भवन निर्माण के लिए कॉलेज परिसर में 3.62 एकड़ भूमि उपलब्ध है। इसे दो वर्ष में पूरा कर दिया जाएगा। 76.97 करोड़ की लागत से प्रस्तावित इस योजना का वित्त पोषण राज्य सेक्टर के तहत प्रस्तावित है। बैठक में सचिव स्वास्थ्य डा आर राजेश कुमार समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›