Report by : CWN Desk
Published at :
दिल्ली से हरिद्वार आ रही सेंट्रो कार में आग लगी, 4 लोग जिंदा जले

मृतकों की नहीं हो सकी शिनाख्त, कार में लगी है सीएनजी किट
मेरठ
। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया। जानी और भोला के बीच दिल्ली से हरिद्वार जा रही सेंट्रो कार में गांव सिसौला खुर्द के सामने आग लग गई। कार में सवार चारों लोग जिंदा जल गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
चौधरी चरण सिंह गंग नहर पटरी पर रात नौ बजे के करीब किसी ने फायर कंट्रोल रूम को फोन कर कार में आग लगने की सूचना दी गई। जानी थाना पुलिस और फायर कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने पर देखा गया तो कर में चार लोगों के कंकाल पड़े हुए थे।
चारों लोग इतनी बुरी तरह से जल चुके हैं कि यह भी पहचान करना मुश्किल हो रहा है कौन पुरुष है, कौन महिला है। गाड़ी की नंबर प्लेट मिली है, जिस पर दिल्ली का नंबर DL4Cएपी 4792 है। गाड़ी दिल्ली के सोहनपाल पुत्र ओमप्रकाश गांव पहलादपुर बांगर के नंबर पर है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। एसपी देहात कमलेश बाहदुर ने बताया कि मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कार में आग कैसे लगी? इसके बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट जानकारी नहीं हो पाई है।
सीएफओ संतोष राय का कहना है कि कार में सीएनजी किट लगी हुई है। जब फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तो कर में भीषण आग लगी हुई थी। आग बुझाने पर चार लोगों के जले हुए शव मिले। प्रथम दृष्टया सीएनजी किट में आग लगना माना जा रहा है हालांकि पूरी जांच पड़ताल के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›