Connect with us

उत्तर प्रदेश

वृंदावन में कोहराम: यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, 10 की मौत और 5 अब भी लापता

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मथुरा के वृंदावन में केशी घाट के पास यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव डूबी। हादसे में 10 लोगों की मौत, 5 लापता। पांटून पुल से टकराने के कारण हुआ बड़ा हादसा।

मथुरा। धर्मनगरी मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक
हृदयविदारक हादसा हो गया। केशी घाट के पास यमुना नदी में सैर कर रहे श्रद्धालुओं से भरी एक मोटर बोट पांटून पुल से टकराकर डूब गई। इस भीषण हादसे में छह महिलाओं सहित कुल दस लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है। पुलिस प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों ने बचाव अभियान चलाकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, लुधियाना (पंजाब) और हरियाणा के करीब 132 श्रद्धालुओं का जत्था गुरुवार को मथुरा पहुँचा था। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे, 37 श्रद्धालुओं से भरी एक मोटर बोट केशी घाट से देवराह बाबा घाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान मांट और वृंदावन के बीच पांटून पुल को खिसकाने का काम चल रहा था। जैसे ही नाव पुल के करीब पहुँची, चालक ने उसे मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुल का एक हिस्सा नाव से टकरा गया और नाव गहरे पानी में समा गई।
हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जहाँ नाव डूबी वहाँ यमुना का जल स्तर 25-30 फुट गहरा था। स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल पानी में कूदकर कई जिंदगियों को बचाया। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल आठ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। ड्रेजिंग मशीन से सिल्ट सफाई के कारण पांटून पुल को खिसकाया जा रहा था, जो इस बड़े हादसे की मुख्य वजह बना।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और जिला प्रशासन को पीड़ितों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। पुलिस ने नाव चालक और पुल हटाने वाले कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। पंजाब से आए इन तीर्थयात्रियों के परिवारों में इस खबर के बाद मातम छाया हुआ है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement