Report by : CWN Desk
Published at :
चारधाम यात्रियों के एक क्लिक में उनकी लोकेशन पर पहुंचेगी कैब

तीर्थ यात्री अब गढ़वाल मंडल विकास निगम की वेबसाइट पर किफायती दामों पर कैब बुक कर सकेंगे
देहरादून। इस साल उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। तीर्थयात्री और पर्यटक अब गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की वेबसाइट पर किफायती दामों पर कैब बुक कर सकेंगे। इसके लिए जीएमवीएन की ओर से तैयारी की जा रही है।
उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारों धामों के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई है। इसके साथ ही सरकार और प्रशासन चारधाम यात्रा को सरल और सफल बनाने के लिए तैयारी में जुट गया है। ऐसे में जीएमवीएन की ओर से भी तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहली बार अपनी वेबसाइट पर कैब बुकिंग की सुविधा देने जा रहा है।इसके लिए विभाग की ओर से ट्रेवल एजेंसियों को आमंत्रित किया गया है।
अभी तक निगम की वेबसाइट पर सिर्फ गेस्ट हाउस और होटल बुकिंग की सुविधा मिलती है। ऐसे में इस सुविधा के बाद अगर कोई पर्यटक या तीर्थयात्री जीएमवीएन के होटल से उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर कैब की बुकिंग करता है तो उसे किफायती दामों में कैब उपलब्ध होगी।
जीएमवीएन की वेबसाइट पर कैब बुकिंग करने पर अन्य ट्रेवल कंपनियों की तर्ज पर लोकेशन पर कैब पहुंचेगी। इसका लाभ उन तीर्थ यात्रियों व पर्यटकों को मिलेगा जो बस से यात्रा करते हुए उत्तराखंड आएंगे। या फिर उन्हें जो चारधाम के साथ आसपास की जगह भी घूमना चाहते हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›