Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए सीधी हवाई सेवा हुई शुरू

इससे पहले यहां के लिए शुरू हुई थी फ्लाइट
देहरादून। विस्तारा एयरलाइंस ने देहरादून एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए सीधी हवाई सेवा गुरुवार से शुरू कर दी है। पहले दिन इस फ्लाइट से 182 यात्री बेंगलुरु से देहरादून पहुंचे। जबकि देहरादून से बेंगलुरु के लिए 115 यात्रियों ने उड़ान भरी।
जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट के निदेशक प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट संचालित होती है। अब यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गुरुवार से विस्तारा ने देहरादून से बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा गुरुवार से शुरू की है।
देहरादून से बेंगलुरु के लिए फ्लाइट सप्ताह में सात दिनों संचालित होगी। उन्होंने बताया की बेंगलुरु से सुबह 11.20 बजे उड़ान भर कर यह उड़ान दोपहर 2:20 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेगी। उसके बाद दोपहर 2:55 पर देहरादून एयरपोर्ट से उड़ान भरकर शाम 5:50 पर बेंगलुरु पहुंचेगी।
देहरादून-पिथौरागढ़ के बाद अब पंतनगर के लिए भी फ्लाई बिग कंपनी ने हवाई सेवा शुरू कर दी है। सोमवार यानि  26 फरवरी से पिथौरागढ़ से पंतनगर के लिए पहली फ्लाइट चली। पिथौरागढ़-पंतनगर के बीच यह दूरी मात्र 50 मिनट में तय की जा सकेगी। सीमांत जनपद में हवाई सेवा का शुभारंभ विगत 30 जनवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। सोमवार को कंपनी का विमान पिथौरागढ़ से 12 बजकर 15 मिनट में पंतनगर के लिए रवाना होगा और वहां 1 बजकर पांच मिनट में पहुंचेगा। इसके बाद पंतनगर से 2 बजकर 5 मिनट में पिथौरागढ़ के लिए विमान उड़ान भरेगा। पहली फ्लाइट में कंपनी की वेबसाइट पर इस रूट का टिकट 1048 दिखा रहा है। पंतनगर-पिथौरागढ़ के लिए विमान सेवा का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›