Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
बाहर से लिखी दवाई तो होगी डॉक्टरों पर कार्रवाई: वंदना

डीएम ने जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय और बेस चिकित्सालय की प्रबंधन समितियों की बैठक ली

अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय तथा बेस चिकित्सालय की प्रबंधन समितियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता  में आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के संबंध में संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा जनप्रतिनिधियों के द्वारा समय समय पर अस्पताल संचालन को लेकर उठाए गए मामलों पर भी चर्चा की गई।
जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में सफाई की व्यवस्था, वार्डों में हीटर की व्यवस्था समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बनाए रखें। उन्होंने आवश्यक सामग्री की खरीद करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने कहा कि अनुपयुक्त सामग्री की नीलामी कर उसका निस्तारण कर लिया जाए। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि अल्ट्रासाउंड की सुविधा निरंतर चालू रहे। इसके लिए उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि ब्लॉक वार रोस्टर बनाकर रोस्टर का  व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा अधीक्षक समय समय पर व्यवस्थाओं की अपने स्तर पर समीक्षा करते रहें। इस दौरान जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि जिस दवाई का पूरक अस्पताल में उपलब्ध हो, तो वह दवा बाहर से न लिखें। उन्होंने कहा कि डॉक्टर उपलब्ध दवाओं का सदुपयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि उपलब्ध दवाई या इसका पूरक  होते हुए भी डॉक्टर द्वारा बाहर से दवाई लेने को लिखा तो संबंधित के विरुद्ध  कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो कार्य रूटीन में चल रहे हैं, उनको निरंतर रखें तथा अनुमोदन की प्रत्याशा में कार्यवाही करते रहें।
बेस अस्पताल की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ऑपरेशन थिएटर के संचालन को लेकर भी कार्यदाई संस्था एवं अस्पताल के अधिकारियों को कहा कि जो भी अवशेष कार्य हैं, उन्हें पूर्ण करते हुए ओटी का संचालन जल्द से जल्द करना सुनिश्चित करें। बैठक में विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, सीएमओ डॉ आरसी पंत समेत अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›