Report by : Paras Bisht
Published at :
नौकुचियाताल के एक रिजॉर्ट में दुल्हन की डांस करते वक्त मौत

घटना से परिजन और मेहमान सदमे में आए, मचा कोहराम, शादी की खुशियां मातम में बदली
हल्द्वानी।
नैनीताल स्थित नौकुचियाताल के एक रिजॉर्ट में शनिवार की रात को एक हृदयविदारक घटना हो गई। यहां चल रहे एक वैवाहिक समारोह के दौरान दिल्ली निवासी दुल्हन की डांस करते वक्त असमय मौत हो गई। घटना से परिजन और मेहमान सदमे और सकते में हैं। पुलिस को कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने के प्रार्थना पत्र के बाद परिजन देर रात ही शव लेकर दिल्ली लौट गए।
भीमताल थानाध्यक्ष जगदीप नेगी ने बताया कि डॉ. संजय कुमार जैन निवासी बी 28 आदर्श आर्या अपॉटमेंट, सेक्टर छह द्वारका (नई दिल्ली) अपनी बेटी श्रेया जैन (28) की शादी के लिए परिजनों और कुछ खास परिचितों के साथ नौकुचियाताल के एक रिजॉर्ट में आए हुए थे। 
शनिवार की देर शाम को मेहंदी समारोह के दौरान श्रेया स्टेज पर डांस करते समय अचानक बेहोश हो गई। आनन-फानन में उसे भीमताल सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टर अस्पताल में डॉ. राशिद ने उसे मृत घोषित कर दिया डॉक्टर ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक युवती को बचाने का भरसक प्रयास किया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। 
डॉक्टर ने आशंका जताई कि हार्ट अटैक की वजह से युवती की मौत हुई है। इधर बेटी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन डॉ. संजय कुमार जैन की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने का प्रार्थना पत्र भीमताल पुलिस को सौंपा गया। इसके बाद परिजन देर रात में ही शव को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›