Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार के किशनपुर गांव में ई-रिक्शा चालक की गला दबाकर हत्या की आशंका

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक बाग के भीतर ई-रिक्शा चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव किशनपुर के एक बाग स्वामी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके बाग में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना पथरी प्रभारी मनोज नौटियाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान प्रदीप (48) पुत्र ओमप्रकाश निवासी अंबुवाला के रूप में हुई है। शव के पास ही उसका ई-रिक्शा भी खड़ा मिला।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि प्रदीप की गला दबाकर हत्या की गई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। शुरुआती जांच में किसी व्यक्ति से विवाद की बात सामने आ रही है।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग हत्या के कारणों को लेकर अटकलें लगा रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›