Report by : CWN Desk
Published at :
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, नगर निकाय चुनाव में टिकट के लिए ये होगी पात्रता

कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी करेगी, तभी मिलेगा पार्षद का टिकट
देहरादून
। भाजपा निकाय चुनाव में उतारे जाने वाले प्रत्याशियों को चुनने के लिए सर्वे कराएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया सीटों के आरक्षण तय होने जाने के फौरन बाद शुरू हो जाएगी। चुनाव आचार संहिता के बाद सरकार आरक्षण तय कर देगी।
कुमाऊं दौरे से लौटे भट्ट ने कहा, सात दिन में उन्होंने 35 निकायों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के चुनाव की तैयारियों के तहत कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्हें कहा गया कि वे 20 मई तक मतदाता सूची में सुधार के लिए अपना सक्रिय योगदान दें।
प्रत्याशियों के चयन के संबंध में भट्ट ने कहा, पार्टी ने अपनी तैयारी कर ली है। अब आरक्षण तय होने का इंतजार है। आरक्षण की घोषणा के साथ ही पर्यवेक्षक तय कर दिए जाएंगे। पर्यवेक्षक जिलों में जाएंगे और वे चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के नामों की सूची तैयार करेंगे। इसके बाद पार्टी नामों को लेकर सर्वे कराएगी। सर्वे के साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी होगी और उसके बाद प्रत्याशियों के नाम तय होंगे।
भट्ट ने साफ किया, विगत निकाय परिणामों में रिकॉर्ड सुधार लाने के लक्ष्य के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। पार्टी ने पिछले निकाय चुनाव में आठ में से छह नगर निगमों में जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी ने सभी नगर निगमों के साथ नगर पालिकाओं में जीत का लक्ष्य बनाया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट 21 मई से हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों के प्रचार में उतरेंगे। भट्ट के मुताबिक, पार्टी ने यूपी, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उड़ीसा में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की टीम पहले से तैनात कर रखी है। भट्ट ने यात्रा व्यवस्था पर विपक्ष के आरोप पर पलटवार किया। कहा, बेहतर व्यवस्था देखकर ही रिकार्ड संख्या में यात्री देवभूमि आ रहे हैं। विगत वर्षों से लगातार सफल और सुरक्षित यात्रा का अनुभव श्रद्धालुओं ने महसूस किया है। यही वजह है कि उम्मीद से कई गुना तीर्थयात्री उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। यात्रा प्रबंधन को लेकर सरकार पहले से ही व्यवस्था दुरुस्त कर तय रणनीति के तहत लगातार काम हो रहा है। स्वयं मुख्यमंत्री धामी तीन दिन से ग्राउंड जीरो पर लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनकर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›