Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड के इस आइएएस की फेसबुक आइडी हैक, उनके मित्रों से रुपये मांगने व ब्लैकमेल करने के लिए मैसेज

आइएएस ने एसएसपी से साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई को लिखा पत्र
देहरादून। साइबर ठग की ओर से आइएएस अधिकारी की फेसबुक आइडी हैक कर उनके मित्रों से रुपये मांगने व ब्लैकमेल करने के लिए मैसेज भेजे गए। जब इस बारे में आइएएस अधिकारी को जानकारी मिली तो उन्होंने एसएसपी को पत्र लिखकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह को लिखे पत्र में आइएएस अधिकारी चंद्रेश कुमार ने बताया कि कुछ समय से उनकी फेसबुक आइडी हैक कर उनकी संपर्क सूची में शामिल मित्रों के व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों पर वाट्सएप काल व मैसेज भेजे जा रहे हैं। उनके कुछ परिचितों ने इस संबंध में उन्हें जानकारी दी है। बताया कि साइबर ठग की ओर से उनके नाम से लोगों को ब्लैकमेल किया जा रहा है।
उन्होंने पत्र में एसएसपी को तत्काल मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को कहा है। जिसपर एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से अज्ञात व्यक्ति का पता किया जा रहा है। इससे पहले भी पुलिस महानिदेशक सहित कई आइपीएस व आइएएस अधिकारियों के फेसबुक पेज हैक कर ठगी करने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›