Report by : कालू वर्मा
Published at :
तेज रफ्तार कार कंटेनर से टकराई, हादसे में 2 की मौत

हरिद्वार। धर्मनगरी श्यामपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार कंटेनर से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हरिद्वार की तरफ से बिजनौर की तरफ जा रहे एक कंटेनर से बिजनौर की तरफ से आ रही एक कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इसके साथ ही उसमें बैठे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद चालक मौके पर ही कंटेनर छोड़ फरार हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थाना श्यामपुर के क्षेत्र चिड़ियापुर बॉर्डर के समीप तेज गति से आ रही एक कार सड़क हादसे में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और दबने के कारण दोनों युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
श्यामपुर थाना पुलिस के मुताबिक दोनों युवक मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले थे और बिजनौर में एक शादी समारोह में शामिल होने दो दिन पहले ही शिमला से आए थे। देर रात वापस शिमला लौट रहे थे। तभी उनकी कार चिड़ियापुर बॉर्डर के पास सामने से आ रही कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए कार में सवार दोनों युवकों को बचने का भी कोई मौका नहीं मिला।

थानाध्यक्ष श्यामपुर विनोद थपलियाल ने बताया कि मृतकों की पहचान सतबीर उर्फ मोनू निवासी बिजनौर और लकी कुमार निवासी बिजनौर के रूप में हुई। दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया गया है, मृतकों के परिजनों को भी दुर्घटना की जानकारी दे दी गई है। दुर्घटना के बाद फरार हुए कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›