Report by : CWN Desk
Published at :
आईआईटी रुड़की में छात्र पर जानलेवा हमला, पांच छात्र निष्कासित

रुड़की। आईआईटी रुड़की में एमटेक छात्र पर जानलेवा हमले के मामले में संस्थान ने कड़ा कदम उठाते हुए पांच छात्रों को निष्कासित कर दिया है। इन छात्रों को डिग्री भी नहीं दी जाएगी। निष्कासन की कार्रवाई संस्थान द्वारा की गई गोपनीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद की गई है।

धनबाद निवासी एमटेक छात्र किशान कुमार केसरी ने सिविल लाइन कोतवाली में पांच छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। एफआईआर के अनुसार, 23 मार्च की रात लगभग 10 बजे वह अपने सीनियर और आईआईएम अहमदाबाद में अध्ययनरत अनुज पोपली से मिलने होटल डिवाइन गया था। रात करीब 11 बजे जब वह लौट रहा था, तभी होटल के रिसेप्शन के पास मौजूद पांच छात्रों ने उस पर हमला कर दिया।

किशान का आरोप है कि वैभव सिंह, विपिन कुमार, उत्कर्ष गौतम, अनमोल राज और नितिन प्रताप सिंह ने उस पर कांच की बोतलों से हमला किया और अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

प्रबंधन द्वारा की गई जांच में घटना की पुष्टि होने पर सभी पांचों छात्रों को तत्काल निष्कासित कर दिया गया। निष्कासित छात्रों में वैभव सिंह (मिर्जापुर, यूपी), विपिन कुमार (हरियाणा), उत्कर्ष गौतम (मध्यप्रदेश), अनमोल राज (बिहार) और नितिन प्रताप सिंह (गाजियाबाद) शामिल हैं।

आईआईटी के एक प्रोफेसर ने निष्कासन की पुष्टि की है, जबकि संस्थान की वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मोनिका श्रीवास्तव ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में डीन से बातचीत के बाद ही प्रतिक्रिया दे सकेंगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›