Report by : Paras Bisht
Published at :
फूड वैन में मछली के पकौड़े बेचो, 4 से 6 लाख मिलेगा अनुदान

बेरोजगार किसानों को रोजगार से जोड़ने के लिए मत्स्य विभाग की योजना में आवेदन शुरू
हल्द्वानी।
बेरोजगार किसानों को रोजगार से जोड़ने के लिए मत्स्य विभाग की ओर से फूड वैन खरीदने पर अनुदान राशि दी जाएगी। सामान्य वर्ग को 40 प्रतिशत, एससी और एसटी को 60 प्रतिशत की अनुदान राशि फूड वैन को खरीदने के लिए दी जाएगी। विभाग प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत फूड वैन पर अनुदान राशि देगा। इसके लिए विभाग की ओर से वर्ष 2024-25 के लिए आवेदन लेने शुरू कर दिए गए हैं।
फूड वैन पर किसान मछली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मछली के पकौड़े और मछली से बने व्यंजन बेच सकेंगे। मत्स्य विभाग की ओर से दस लाख की फूड वैन खरीदने पर सामान्य वर्ग के किसान को चार लाख का अनुदान और एससी, एसटी वर्ग के किसान को छह लाख का अनुदान दिया जाएगा। विभाग की ओर से योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिल सकेगा जो बेरोजगार होगा और जिले का ही मूल निवासी होगा। विभाग की गठित टीम की ओर से जो किसान योजना के अनुरूप पाया जाएगा उसे ही अनुदान का लाभ दिया जाएगा। योजना में चयनित किसान को फूड वैन को सड़क पर लगाने के लिए खाद्य विभाग, अग्निशमन विभाग और नगर पालिका और नगर पंचायत से अनुमति लेनी अनिवार्य होगी।
मत्स्य विभाग के जनपद प्रभारी डॉ. विशाल दत्त ने बताया फूड वैन पर बेरोजगार किसानों को रोजगार करने के लिए अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए मत्स्य विभाग की ओर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फूड वैन में किसान मछली से जुड़े उत्पाद बेचकर अपनी आय अर्जित कर पाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›