Report by : CWN Desk
Published at :
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए छात्र समर्थ पोर्टल पर अब 14 जून तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण

पोर्टल पर अब तक 50 हजार से अधिक पंजीकरण
देहरादून। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए छात्र समर्थ पोर्टल पर अब 14 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा, उच्च शिक्षा में प्रवेश से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने कहा, राज्य विश्वविद्यालयों एवं उनसे संबद्ध सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर में ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि को 14 जून तक बढ़ा दी गई है। जिन छात्र-छात्राओं ने स्नातक कक्षाओं में ऑनलाइन पंजीकरण नहीं किया, उनके पास ऑनलाइन आवेदन करने का एक और मौका है।
राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 15 जून से मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जबकि 13 जुलाई से शैक्षिक सत्र की विधिवत शुरुआत होगी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा, विभिन्न कारणों से पंजीकरण से वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए फिर से समर्थ पोर्टल खोला जाएगा।
उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए प्रवेश प्रक्रिया समर्थ पोर्टल से आयोजित की जा रही है। अब तक कुमाऊं विवि नैनीताल, सोबन सिंह जीना विवि अल्मोड़ा एवं श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि, टिहरी से संबद्ध सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी महाविद्यालय और विवि परिसरों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 50,452 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया, जिसमें कुमाऊं विवि एवं विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए 20,770 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जबकि श्रीदेव सुमन विवि और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए 19,630 एवं सोबन सिंह जीना विवि में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए 10,052 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन पंजीकरण किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›