Report by : CWN Desk
Published at :
मंगलौर से काजी 19 जून और बदरीनाथ से बुटोला 21 जून को करेंगे नामाकंन

उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित किए, 2017 में काजी रह चुके विधायक
देहरादून।
बदरीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित कर दिए। मंगलौर सीट से पूर्व विधायक और राष्ट्रीय सचिव काजी मोहम्मद निजामुद्दीन और बदरीनाथ सीट से लखपत बुटोला को चुनाव मैदान में उतारा गया। बुटोला पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। जबकि काजी के पास चुनाव लड़ने का अनुभव है।
सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। मंगलौर सीट से पूर्व विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर कांग्रेस व बसपा के बीच मुख्य मुकाबला रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में काजी मात्र 598 मतों के अंतर से चुनाव हार गए थे। 2017 के चुनाव में काजी ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।
बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस ने लखपत बुटोला पर दांव लगाया है। उनका यह पहला विधानसभा चुनाव होगा। 2014 में बुटोला पोखरी ब्लाॅक से जिला पंचायत सदस्य चुने गए। 2015 में कुछ समय के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहे। वर्तमान में उन्हें कांग्रेस ने प्रदेश प्रवक्ता और गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी जिम्मेदारी दी है। मंगलौर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन 19 जून और बदरीनाथ सीट से प्रत्याशी लखपत बुटोला 21 जून को नामांकन करेंगे। पार्टी ने दोनों प्रत्याशियों के नामांकन रैली की तैयारियां शुरू कर कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›