Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी और आसपास के 1,24,956 परिवारों को इस वजह से नहीं मिल पाएगा अप्रैल के कोटे के सरकारी राशन

हल्द्वानी। डोर स्टेप डिलीवरी करने वाले ठेकेदार की लापरवाही के कारण 1,24,956 परिवारों को अभी तक राशन नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि अभी तक सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानों में अप्रैल महीने का कोटा उपलब्ध नहीं कराया गया है। उधर, आरएफसी ने ठेकेदार को नोटिस भेजकर दुकानों में राशन पहुंचाने को कहा है।  
शासनादेश के अनुसार महीने की 23 से 30 तारीख तक सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानों में अगले महीने का एडवांस कोटा उठाना चाहिए। जबकि सस्ता गल्ला विक्रेताओं को एक से 20 तारीख तक सभी राशन कार्ड धारकों को राशन वितरित कर देना चाहिए। उधर, डोर स्टेप डिलीवरी ठेकेदार ने 11 अप्रैल बीतने के बाद भी 10 प्रतिशत दुकानों तक राशन की आपूर्ति नहीं की है। इस कारण हल्द्वानी और लालकुआं के 1,24,956 परिवारों को राशन का वितरण नहीं किया जा सका है। 
प्रभारी आरएमओ अशोक कुमार ने बताया कि डोर स्टेप ठेकेदार ओवरलोडिंग कर रहा था। उसे मानकों के अनुसार गाड़ी में राशन ढोने को कहा गया है। ठेकेदार ने अभी तक मात्र 135 दुकानों में ही राशन दिया है। ठेकेदार को नोटिस भेजा गया है। पांच दिन के भीतर सभी दुकानों को राशन नहीं भेजा गया तो ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›