Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी के ज्वेलर्स को रंगदारी की धमकी, रंगदारी मांगने वाले ने खुद को बताया सिद्धू मूसावाला का हत्यारा


हल्द्वानी। शहर के एक ज्वेलर्स को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर एक लाख रूपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। शोरूम स्वामी को मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम अंकित सरसा बताते हुए कहा कि वह सिद्धू मूसावाला का हत्यारा है। अगर एक लाख नहीं दिए गए तो तुझे भी जान से मार दूंगा।
पुलिस ने इस रंगदारी मामले को गंभीरता से लेते हुए शोरूम स्वामी की तहरीर के आधार पर नए कानून की धारा के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार डहरिया स्थित ईको टाउन निवासी अंकुर अग्रवाल की पटेल चौक में सुरेश संस ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सुरेश संस ज्वेलर्स के स्वामी अंकुर अग्रवाल ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि उनके व्हाट्सएप पर तीन जुलाई को एक अनजान नंबर से मैसेज आया और मैसेज भेजने वाले ने खुद अपनी पहचान सिद्ध मूसावाला के हत्यारे के तौर पर कराते हुए कहा कि उसका नाम अंकित सरसा है। तहरीर में कहा मैसेज भेजने वाले ने एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रकम न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही उसने सराफा कारोबारी को यकीन दिलाने के लिए उसकी दुकान का पता और उसका मोबाइल नंबर भी बताया। इधर एसएसआई महेंद्र प्रसाद टम्टा ने बताया कि रंगदारी मामले को गंभीरता से लेते हुए सरार्फा कारोबारी की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही इसकी जांच टीपी नगर चौकी प्रभारी दीपक बिष्ट को सौंपी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›