Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में कार्यालय में चाय लेकर आने में देरी होने पर हेड कांस्टेबल ने युवक को थप्पड़ जड़ा

हल्द्वानी। कार्यालय में चाय लेकर आने में देरी क्या हुई, हेड कांस्टेबल का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने चाय लेकर गए युवक को इंस्पेक्टर व दारोगा के सामने ही थप्पड़ जड़ दिए। मामला सोमवार को खासा चर्चा में रहा।
अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।डीआइजी कैंप कार्यालय के ठीक सामने व एसएसपी आवास के बगल में सड़क किनारे एमटी कार्यालय है, जहां पुलिस के वाहनों में भरे जाने वाले ईंधन का संपूर्ण ब्योरा होता है। वहीं, कोतवाली परिसर में पुलिस की कैंटीन है, जहां हैड़ाखान निवासी दीपक बिष्ट कर्मचारी है और पुलिस विभाग के कार्यालयों में आर्डर पर चाय पहुंचाता है।
दीपक के अनुसार, सोमवार सुबह एमटी कार्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल ने फोन किया और चाय का आर्डर दिया। कैंटीन में ग्राहक अधिक थे, इसलिए चाय लेकर जाने में विलंब हुआ। जब वह चाय लेकर कार्यालय में पहुंचा तो हेड कांस्टेबल ने आफिस में तैनात एक इंस्पेक्टर व दारोगा के सामने दो थप्पड़ जड़ दिए।
इधर, कर्मचारी को थप्पड़ जड़ने पर कैंटीन संचालक ने भी नाराजगी जताई है। उसका कहना है कि कर्मचारी को थप्पड़ मारने का अधिकार हेड कांस्टेबल के पास नहीं है। अगर गलती हुई थी तो कर्मचारी को समझाया जा सकता था। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। इस मामले की जांच कराई जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›