Report by : CWN Desk
Published at :
दिल दहला देने वाली घटना, एक ही परिवार के 5 लोगों के मिले शव

उत्तर प्रदेश के कासगंज में आर्थिक तंगी ने ली 5 जान। मुखिया ने पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर खुद लगाई फांसी। इलाके में पसरा मातम और पीएसी तैनात। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अमांपुर कस्बे में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव उनके बंद घर से बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे सामूहिक आत्महत्या का मामला बताया है। घर के मुखिया सत्यवीर (45) ने अपनी पत्नी रामश्री (40) और तीन मासूम बच्चों की जान लेने के बाद खुद फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मृतकों में सत्यवीर की दो बेटियां प्राची (14), आकांक्षा (13) और बेटा गिरीश (10) शामिल हैं। शनिवार शाम जब पुलिस ने कटर से दरवाजा काटकर अंदर प्रवेश किया, तो मंजर भयावह था। सत्यवीर का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे। बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उन्हें जहरीला पदार्थ खिलाया गया है।
डीआईजी प्रभाकर चौधरी और एसपी अंकिता शर्मा ने मौके का मुआयना किया। जांच में पता चला है कि सत्यवीर पिछले डेढ़ साल से भारी आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसका बेटा गिरीश लंबे समय से बीमार था, जिसके इलाज के लिए उसने काफी कर्ज ले रखा था। गरीबी का आलम यह था कि घर में चूल्हा तक नहीं जला था और रसोई में बर्तन भी मौजूद नहीं थे।
घटना को अंजाम देने से पहले सत्यवीर ने घर के सभी दरवाजों को अंदर से बंद कर बड़े ताले लगा दिए थे। पुलिस को घर में दाखिल होने के लिए वेल्डिंग कटर का सहारा लेना पड़ा। पड़ोसियों के अनुसार, परिवार को आखिरी बार तीन दिन पहले देखा गया था। पुलिस का अनुमान है कि यह घटना दो से तीन दिन पुरानी हो सकती है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद अमांपुर कस्बे में तनाव और शोक का माहौल है। सुरक्षा की दृष्टि से इलाके में पीएसी (PAC) तैनात कर दी गई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब सत्यवीर के अन्य भाइयों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की तह तक पहुँचा जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›