हरिद्वार
प्रेम प्रसंग में बाधक बना पति, पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश: गमछे से गला घोंटकर की हत्या
हरिद्वार। उत्तराखंड के पथरी थाना क्षेत्र में 14 जुलाई को ई-रिक्शा चालक प्रदीप (48) की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी रीना ने अपने प्रेमी सलेक के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान रीना और सलेक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया गया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि 14 जुलाई को किशनपुर गांव के एक आम के बाग में प्रदीप का शव मिला था। मृतक के भतीजे मांगेराम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जब मृतक की पत्नी रीना से पूछताछ की गई तो उसकी भूमिका संदिग्ध लगी। कड़ाई से पूछने पर उसने कबूल किया कि उसका गांव के ही युवक सलेक से प्रेम संबंध था। इसी प्रेम में बाधक बने पति को रास्ते से हटाने के लिए उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
घटना के बाद सलेक फरार हो गया था और उसका मोबाइल भी बंद था। पुलिस की टीम ने लक्सर रेलवे स्टेशन से उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने गमछे से गला घोंटकर प्रदीप की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, रीना की पहली शादी से तीन बेटियां और प्रदीप से दो बच्चे हैं। यह एक पूर्व नियोजित हत्या थी, जिसे दोनों ने मिलकर अंजाम दिया। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
