Connect with us

उत्तर प्रदेश

अपनी शादी से नाखुश पति ने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या की और फिर किया सुसाइड

Published

on

खबर शेयर करें 👉

शादी करवाने वाले बिचौलिया मौसेरे भाई की भी हत्या का किया प्रयास
मुजफ्फरनगर।
मुजफ्फरनगर में अपनी शादी से नाखुश एक व्यक्ति ने पत्नी को गोली मारने के बाद खुदकुशी कर ली। इससे पहले उन्होंने शादी कराने वाले बिचौलिया मौसेरे भाई की भी हत्या का प्रयास किया। इस दौरान एक पड़ोसी बीच में आया तो उस पर भी फायरिंग कर दी, जो घायल हो गया। पुलिस ने दंपति के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। दोनों के शव के पास से हथियार भी मिले हैं।
यूपी के मुजफ्फरनगर के गांव मखियाली निवासी नसीम की शादी गाजियाबाद के लोनी निवासी तमन्ना के साथ 4 महीने पहले हुई थी। पुलिस के अनुसार नसीम और तमन्ना की शादी नसीम के मौसेरे भाई सद्दाम निवासी गादला ने कराई थी। शादी के बाद पति-पत्नी एक दूसरे से खुश नहीं थे। दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। अपनी शादी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नसीम ने गुरुवार को मौसेरे भाई सद्दाम को फोन किया था। कहा था कि उसने दोनों के बीच शादी कराकर गलत किया। सूत्रों की माने तो नसीम ने फोन पर शुक्रवार सुबह सद्दाम के घर आने की बात कही थी। शुक्रवार सुबह नसीम उसकी पत्नी तमन्ना को बाइक पर लेकर सद्दाम के घर पहुंच गया।
एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नसीम ने गांव गादला थाना क्षेत्र भोपा पहुंचकर सद्दाम को आवाज दी। नसीम की आवाज सुनकर सद्दाम घर में छुप गया। जिस पर नसीम ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान सद्दाम के पड़ोसी साबिर ने मामला जानना चाहा तो उस पर भी फायरिंग कर दी। गले में गोली लगने से साबिर घायल हो गया। इसके बाद मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए तो नसीम पत्नी तमन्ना को बाइक पर बैठाकर चल दिया।
पुलिस के अनुसार नसीम ने घर से थोड़ी दूर गली में पहुंचकर तमन्ना को गोली मार दी। उसके बाद नसीम ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। कुछ देर के बाद नसीम की पत्नी तमन्ना ने भी दम तोड़ दिया। एसपी देहात ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये। पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।

Select Language

Advertisement