Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में देवखड़ी नाले में बहे युवक का नहीं चला पता, अब चोरगलिया मार्ग पर शेर नाला पर बहते बचा युवक

हल्द्वानी। दो दिन पहले देवखड़ी नाले में बाइक सहित बहे युवक का अभी तक कोई पता नहीं चला है इस बीच शनिवार देर शाम हल्द्वानी-चोरगलिया मार्ग पर शेर और सूर्य नाला उफान पर आने से एक और बाइक सवार युवक बह गया। गनीमत यह रही कि युवक को समय रहते बचा लिया गया लेकिन उसकी बाइक तेज बहाव में बह गई। दोनों नालों के उफान पर आने से करीब छह घंटे यातायात बाधित रहा। रात करीब 10 बजे तक नाले का पानी कम होने पर धीरे-धीरे वाहनों को निकाला गया। यहां करीब चार घंटे तक हुई बारिश की वजह से संपर्क मार्गों पर भी यातायात बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार चोरगलिया क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5:00 बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हुई जिस वजह से हल्द्वानी -चोरगलिया मार्ग पर स्थित शेर और सूर्य नाला उफान पर आ गए। इस वजह से मुख्य मार्ग पर पुल नहीं होने की वजह से सड़क पर कई फुट पानी आ गया। इधर शेर नाला में अधिक पानी चलने के बीच ही सड़क पार करने की कोशिश कर रहा बाइक सवार युवक तेज पानी में बह गया, गनीमत यह रही कि कुछ लोगों की मदद से युवक को तो बचा लिया गया लेकिन उसकी बाइक बह गई। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करती रही।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›