Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन लोग गिरफ्तार, चोरी के वाहनों का ऐसे करते थे इस्तेमाल, पुलिस के होश उड़े

आरोपियों से चोरी की दो बाइकें भी बरामद हुई, बरेली का है गिरोह
हल्द्वानी।
बाइक चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बरेली से एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की दो बाइकें भी बरामद हुई हैं। मामले में सरगना फरार है, पुलिस उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए सीओ सिटी नितिन लोहनी ने बताया कि बीती 12 मई को अरविंद कुमार निवासी राजेंद्र नगर गली नंबर एक की बाइक (यूके04एफ-8187) और 14 मई को मनोज नाथ निवासी राजेंद्रनगर राजपुरा की मोटर साइकिल (यूए04डी-7125) घर के बाहर से चोरी हो गई थी। कोतवाल उमेश मलिक के नेतृत्व में टीम ने चोरों की तलाश शुरू की। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए बरेली तक पहुंची। 14 मई को पुलिस ने इज्जतनगर बरेली यूपी से चोरी हुई बाइक के साथ अभिषेक ठाकुर निवासी इज्जतनगर भाष्कर हॉस्पिटल के सामने मठ लक्ष्मीनगर बरेली, गौरव निवासी भोजीपुरा पीपलसाना चौधरी बरेली और ईशान गौतम निवासी टल्लू फार्म गली यमुनोत्री इन्क्लेव जोगीवाला देहरादून और हाल इज्जतनगर बरेली को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया गिरोह का सरगना ओम फरार है। गौरव मोटर साइकिलों को काटने का काम करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हल्द्वानी से बाइक बरेली ले जाकर गौरव के घर में काटते थे। काटने के बाद गौरव इन बाइकों के पार्ट्स को अलग-अलग जगह बेचता था। इससे जो पैसा आता था, गिरोह में उसे बराबर बांटा जाता। सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि ईशान गौतम पर बरेली कोतवाली में लूट का मुकदमा दर्ज है। कहा कि गिरोह से पूछताछ की जा रही है कि वह कहां से बाइक चोरी करते थे और उन्हें कहां बेचते थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›