Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में घर में घुसे चोर, सोना नहीं मिला तो शीशे पर लिखकर गए माफ करना

चोरों घर से करीब 60 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवर ले गए
हल्द्वानी।
चोरी तो करी, पर सोना नहीं मिला है। माफ करना चोरी के लिए….। चोरों ने मुखानी थाना क्षेत्र में ऊंचापुल स्थित एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी के घर को खंगाला लेकिन नकदी के अलावा उन्हें सोना नहीं मिला तो वे स्केच पेन से अल्मारी, ड्रेसिंग टेबल के शीशे पर यह बात लिखकर निकल गए। चोरों घर से करीब 60 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवर ले गए।
ऊंचापुल में लोहरियासाल मल्ला गली नंबर 1 निवासी प्रकाश चंद्र बहुगुणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नैनीताल बैंक से सेवानिवृत्त हैं। उसके दो बेटे हैं जो बाहर नौकरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी रहती है। बेटों के छुट्टी आने के बाद वह पूरे परिवार को लेकर बीते 11 अप्रैल को पिथौरागढ़ गए थे। 13 अप्रैल की सुबह उन्हें किसी ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने पड़ोस में रहने वाले अपने रिश्ते के साढू को घर पर भेजा। उन्होंने बताया कि उनके मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर पूरा सामान अस्त- व्यस्त था। सभी अलमारियों के दरवाजे खुले थे।
साढू की सूचना पर वह वापस हल्द्वानी पहुंचे। चोरों ने घर को खंगालने के बाद अलमारी और ड्रेसिंग टेबल पर स्केच पेन से लिखा था कि चोरी तो की है पर सोना नहीं मिला माफ करना…। माफ करने वाली बात दो अलमारी में लिखी थी। पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे करीब 60 हजार रुपये की नकदी और कुछ चांदी के जेवर ले गए। थानाध्यक्ष पंकज जोशी के अनुसार घटनास्थल का मौका मुआयना कर लिया है। चोरों की तलाश की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›