Connect with us

उत्तराखण्ड

जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा शुरू, आरतोला से जागेश्वर का किराया 20 रुपये

Published

on

खबर शेयर करें 👉

वाहनों का दबाव बढ़ने से तीन किमी के दायरे में जाम से निजात दिलाने के लिए सेवा शुरू
अल्मोड़ा।
जागेश्वर धाम में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शटल सेवा शुरू हो गई है। श्रद्धालु आरतोला से जागेश्वर धाम तक सिर्फ शटल टैक्सी से ही पहुंच सकेंगे। एक श्रद्धालु को एक तरफ का 20 रुपये किराया देना होगा। वीकेंड पर दो दिन तक 20-20 तो अन्य दिनों में 12 शटल टैक्सी संचालित होंगी। पर्यटकों की संख्या को देखते हुए इनकी संख्या घट-बढ़ भी सकती है।
पर्यटक सीजन शुरू होते ही विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में पर्यटकों की भीड़ जुटने लगी है। देश-विदेश से रोजाना तीन से चार हजार पर्यटक जागेश्वर धाम की सुंदरता का आनंद लेने के साथ ही बाबा जागनाथ के दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। वाहनों का दबाव बढ़ने से आरतोला से जागेश्वर तक तीन किमी के दायरे में जाम लग रहा है, इससे श्रद्धालु और पर्यटक जूझ रहे हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए जागेश्वर में शनिवार से शटल सेवा शुरू हुई है। आरतोला से श्रद्धालु सिर्फ शटल टैक्सी से ही धाम तक आवाजाही करेंगे। पहले दिन वीकेंड पर 20 शटल टैक्सी का संचालन हुआ। अन्य दिनों में 12 शटल टैक्सी के संचालन की योजना है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए शटल टैक्सी की संख्या घटाई और बढ़ाई जा सकती है। एक श्रद्धालु से एक तरफ का 20 रुपये किराया लिया जाएगा। बुजुर्ग श्रद्धालु अपने वाहन से जागेश्वर धाम पहुंच सकते हैं। चालक को बुजुर्ग श्रद्धालु को जागेश्वर छोड़कर वाहन तुरंत आरतोला वापस लाना होगा, जहां वाहन पार्किंग की व्यवस्था होगी। दन्या के थानाध्यक्ष विजय नेगी ने बताया कि होटलों की एडवांस बुकिंग कराने वाले श्रद्धालु भी अपने वाहन से जागेश्वर पहुंच सकेंगे। यदि होटल में पार्किंग की सुविधा नहीं हुई तो संबंधित वाहन को आरतोला पार्किंग वापस लाना होगा।
सुबह पांच से रात आठ बजे तक संचालित होगी सेवा
अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक शटल सेवा संचालित होगी। पूर्व में सेवा को लेकर प्रशासन की बैठक में 24 घंटे सेवा संचालित करने का निर्णय लिया गया था, इसका स्थानीय कारोबारियों ने विरोध किया था। विरोध को देखते हुए पुलिस-प्रशासन को इसमें फेरबदल करना पड़ा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement