Report by : Paras Bisht
Published at :
नैनीताल जिले में बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, नदी-नाले उफान पर, हर तरफ जलभराव

शनि बाजार में नाले का स्लैब हटाने से कई घरों में घुसा पानी, पहाड़ी के भूस्खलन से मकानों को बना खतरा
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में शनिवार को हुई तेज बारिश से हल्द्वानी में रकसिया नाला, कलसिया नाला और देवखड़ी नाले का जलस्तर बढ़ गया। कई जगह नाले-नालियों का पानी सड़क पर बहने लगा। दमुवाढूंगा शिवपुरी में बरसाती नाले के बहाव में एक व्यक्ति की बाइक बह गई। स्थानीय लोगों ने बमुश्किल किसी तरह बाइक बाहर निकाला। वहीं एक व्यक्ति का मकान धंस गया जबकि टीपी नगर में एक ट्रैफिक पोल के गिरने से सड़क किनारे खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
बारिश को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट शुक्रवार को सही साबित हुआ। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बारिश शुरू हो गई थी जो दोपहर बाद तक लगातार जारी रही। बारिश की वजह से नैनीताल रोड, बरेली रोड, कालाढूंगी रोड और रामपुर रोड में कई जगह जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दमुवाढूंगा निवासी अशोक नेगी ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे दमुवाढूंगा शिवपुरी में माली का कार्य करने वाला एक युवक अपने साथी के साथ बाइक से बाजार की ओर जा रहा था। रास्ते में बरसाती नाले को पार करते समय उसकी बाइक तेज बहाव में करीब सौ मीटर तक बह गई। बाइक सवार दोनों युवकों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। बाद में पानी कम होने पर ग्रामीणों ने बाइक को सुरक्षित निकाला। इधर काॅल टैक्स के निकट नहर कवरिंग रोड में भी बरसाती पानी के सड़क में बहने से कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।
इधर वार्ड नंबर 37 दमुवाढूंगा में जगदीश राम का मकान धंस गया और सीवर टैंक क्षतिग्रस्त हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता मन्नू गोस्वामी की सूचना पर विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार सचिन कुमार ने पटवारी मीना कोहली को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन किया।
वार्ड 37 में ही जवाहर ज्योति हल्दीखाल गोधाम के जंगल से आए पानी के कारण जमीन के एक बड़े हिस्से में धंसाव हो गया। हीरानगर क्षेत्र में भी सड़क के धंसने की सूचना है। वहीं रामपुर रोड में टीपी नगर के पास सड़क पर लगाई गई ट्रैफिक लाइट का पोल बाइक पर आ गिरा जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में पुलिस ने किसी तरह पोल को सड़क से हटाया।
शनि बाजार क्षेत्र स्थित नाले का जलस्तर शुक्रवार को फिर से बढ़ गया। नगर निगम की ओर से पिछले दिनों नाले के ऊपर से स्लैब देने के कारण शुक्रवार को हुई बारिश की वजह से 15 से अधिक घरों और दुकानों में कचरा और पानी घुस गया। स्थानीय निवासी जफर खान ने बताया कि स्लैब हटने के बाद से समस्या बढ़ गई है और यहां हादसा होने का खतरा भी बना हुआ है। विनोद केसरवानी ने बताया कि नाले में स्थित पाइप लाइन के पाइप भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। जानकारी होने के बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर नाले की सफाई कराई।
बरसात शुरू होने के कुछ देर बाद ही सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम परितोष वर्मा और तहसीलदार सचिन कुमार ने रकसिया नाला, कलसिया नाला के अलावा दमवाढूंगा, हाईडिल गेट और जलभराव वाले कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रशासन की ओर से नदी-नहरों के किनारे रह रहे लोगों को जानमाल की सुरक्षा के प्रति लगातार सचेत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गौला और नंधौर नदी का भी जलस्तर भी बढ़ रहा है। इन स्थानों पर भी प्रशासन की टीम लगातार मॉनीटरिंग कर रही है।
ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कालागर में मूसलाधार बारिश की वजह से निर्माणाधीन सड़क के पास पहाड़ी से भूस्खलन होने से पहाड़ी के ऊपर बने मकानों को खतरा बना हुआ है। समाजसेवी मुकुल सिंह ऐरी ने बताया कि सड़क निर्माण के चलते पहाड़ी का मलबा सड़क पर आ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›