Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार: देवर की ज़मीन के लालच में महिला ने प्रेमी संग रची हत्या की साज़िश, 3 गिरफ्तार

हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में 18 जुलाई 2025 को सड़क किनारे मिले शव की पहचान खालाटीरा निवासी नीटू पुत्र भूरी सिंह के रूप में हुई थी। पुलिस जांच में यह सनसनीखेज मामला प्रेम-प्रसंग, ज़मीन और पैसे की लालच में रची गई साज़िश निकला।

पुलिस ने सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर तीन आरोपियों—महिला सोनिया, उसका प्रेमी छोटा और उसके साथी अकबर को गिरफ्तार किया। छोटा ने बताया कि दो साल पहले उसकी सोनिया से जान-पहचान हुई थी। महिला ने पति संग जमीन बेच हैदराबाद में बसने के बाद देवर नीटू की ज़मीन हड़पने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची। इसके बदले छोटा को ₹5 लाख देने की बात तय हुई।

हत्या से एक दिन पहले सोनिया ने छोटा को नीटू को जल्द मारने को कहा। 17 जुलाई की रात छोटा ने नीटू को ठेकेदार से पैसे दिलाने के बहाने बुलाया और अकबर के साथ मिलकर पहले से लाए चापड़ से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी।

आरोपियों से मोटरसाइकिल, मोपेड, हत्या में प्रयुक्त हथियार और मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी व उनकी टीम ने किया, जिसमें उप निरीक्षक महिपाल सैनी, हेड कांस्टेबल मुजफ्फर बेग और कांस्टेबल मनीष शामिल रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›