Report by : Paras Bisht
Published at :
कैंची धाम आश्रम में कमरे बुक कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से आनलाइन ठगी

सेवकों व साधु संतों के विश्राम के लिए बने हैं कमरे
हल्द्वानी। राजस्थान में बैठे नटवरलाल ने कैंची धाम आश्रम में कमरे बुक कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से आनलाइन ठगी की। श्रद्धालु कमरे बुक कराकर जब कैंची धाम पहुंचे तो ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद मामला मंदिर समिति व ट्रस्ट के बाद पुलिस के पास पहुंचा।
पुलिस व एसओजी ने राजस्थान में दबिश दी। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस एक नटवरलाल को उठाकर हल्द्वानी ले आई है, जिससे पूछताछ की जा रही है। मामले का जल्द पर्दाफाश किया जा सकता है। कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज का विश्व प्रसिद्ध आश्रम है, जहां देश-विदेश के श्रद्धालुओं के आस्था जुड़ी है।
हाल में कई नेता, अभिनेता व क्रिकेटर विराट कोहली, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा बाबा के दर्शन कर चुके हैं। असल में मंदिर परिसर में कुछ कमरे सेवकों व साधु संतों के विश्राम के लिए बनाए गए हैं। बाकी श्रद्धालुओं को यहां पर ठहराने के कोई इंतजाम नहीं हैं, मगर पिछले कुछ दिनों से एक नटवरलाल ने फर्जी वेबसाइट बनाई और मंदिर परिसर में ठहरने के लिए कमरे बुक कराने का झांसा दिया।
कमरों में ठहरने के लिए बाहरी राज्यों के कई श्रद्धालुओं ने आनलाइन बुकिंग कर उसका पेमेंट कर दिया। इससे ठग ने हजारों-लाखों रुपये ठग लिए। जब पीड़ित कैंची धाम पहुंचे तो पता चला यहां पर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
श्रद्धालुओं ने यह बात मंदिर समिति-ट्रस्ट को बताई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने टीम गठित की। आरोपितों को सर्विलांस के माध्यम से ढूंढा गया। बताया जा रहा है कि आरोपित राजस्थान का रहने वाला है। जिसे एसओजी ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›