Report by : CWN Desk
Published at : Updated at :
उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीटों पर आज से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, आनलाइन नामांकन का विकल्प भी

प्रदेश में पहले चरण में है मतदान, नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 मार्च
देहरादून। प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस बार प्रत्याशी आनलाइन भी नामांकन कर सकते हैं। इस क्रम में वे सभी दस्तावेज भी आनलाइन अपलोड कर सकते हैं। उन्हें एक बार इनका प्रिंट निकाल और हस्ताक्षर कर इन्हें संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर कार्यालय में जमा करना होगा। इसकी तिथि व समय का चयन भी वह आनलाइन कर सकते हैं।
प्रदेश में लोकसभा चुनाव पहले चरण में होने हैं। इसकी अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी जाएगी। सार्वजनिक अवकाश दिवस को छोड़ शेष सभी दिवस पर सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी।
प्रत्याशियों द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले दस्तावेजों की एक सूची बनाई गई है। इसमें फार्म ए, फार्म बी, शपथपत्र, प्रतिभूति जमा करने का प्रमाण शामिल हैं। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नमामि बंसल ने बताया कि सभी संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में आरओ मुख्यालय में नामांकन के लिए बुधवार को पब्लिक नोटिस चस्पा कर दिया जाएगा।
नामांकन की अंतिम तिथि 27 मार्च है, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 मार्च है। मतदान 19 अप्रैल को होगा। नामांकन के दौरान आरओ मुख्यालय के 100 मीटर की परिधि के दायरे में तीन से अधिक वाहनों को लाने की अनुमति नहीं होगी। इसी क्रम में प्रत्येक आरओ मुख्यालय में सुरक्षा की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
गढ़वाल संसदीय सीट के लिए नामांकन पौड़ी, टिहरी गढ़वाल संसदीय सीट के लिए देहरादून, हरिद्वार संसदीय सीट के लिए हरिद्वार, अल्मोड़ा संसदीय सीट के लिए अल्मोड़ा और नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के लिए नामांकन रुद्रपुर में किए जाएंगे।
भाजपा ने पांचों संसदीय सीट के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, जबकि कांग्रेस ने तीन सदस्यीय सीटों गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल व अल्मोड़ा के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। भाजपा विकास और अपनी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है, तो कांग्रेस महंगाई व बेरोजगारी को चुनावी मुद्दा बना रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›