Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर: पेपर मिल ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या, तीन पर मुकदमा दर्ज

काशीपुर। काशीपुर में रविवार देर रात बनवारी पेपर मिल में कार्यरत ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शांतिनगर, रम्पुरा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी ने बताया कि उसके पिता जसवीर सिंह उर्फ टोनी (42) पुत्र कुलदीप सिंह अपने साथी नवीन सिंह रावत के साथ बाइक से निकले थे। इसी दौरान मोहल्ला विजयनगर, नई बस्ती निवासी अमान पुत्र इदरीश, इमरान पुत्र नवाब और फरदीन पुत्र महबूब से विवाद हो गया।
करीब रात 12 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम से लौटते समय हरप्रीत ने देखा कि पॉपुलर ग्राउंड, कचनाल गाजी के पास उसके पिता और नवीन का आरोपियों से विवाद हो रहा है। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद एक आरोपी ने तमंचा निकालकर जसवीर सिंह की दाहिनी आंख के ऊपर गोली मार दी।
गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। आरोपी बाइक से फरार हो गए। साथी नवीन उन्हें सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर किया गया। मुरादाबाद स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान जसवीर सिंह की मौत हो गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें दबिश दे रही हैं। वारदात से मृतक परिवार और क्षेत्र में शोक व आक्रोश व्याप्त है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›